संवाददाता सूरज सागर आंवला बरेली।
आंवला/बिशारतगंज। थाना क्षेत्र के सिसौना गांव में 25 अगस्त की रात दहेज के लिए विवाहित की हत्या कर शव ठिकाने लगाने के मामले में पुलिस ने आरोपी पति व ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आरोपियों की निशानदेही पर शव को जलाने के साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।

बदायूं जनपद के थाना बिनावर के गांव रसूलपुर निवासी कैलाश यादव ने 26 अगस्त को पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि उनकी 21 वर्षीय पुत्री आरती की शादी तीन वर्ष पूर्व थाना बिशारतगंज के गांव सिसौना निवासी यतेंद्र यादव से हुई थी। शादी के बाद से ससुराल वाले दहेज के लिए उसका उत्पीड़न कर रहे थे। पुलिस ने बुधवार को पति यतेंद्र यादव एवं ससुर रामवीर को मझगवाँ ब्लॉक के सामने से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि आरती ने फंदा लगा कर खुद आत्म हत्या कर ली थी। पुलिस कार्रवाई के डर से उन लोगों ने रात में ही रामगंगा किनारे ले जाकर उसका अंतिम संस्कार कर दिया। उसकी अस्थियां व चिता की राख गंगा में बहा दी।