हरियाणा/ हिसार: अपराध मुक्त शासन देने का दावा करने वाली भाजपा सरकार में आज गुंडागर्दी व अपराध दिनोदिन बढ़ रहा है। हालात इस कदर बदत्तर व बेकाबू हो चुके है कि व्यापारियों से सरेआम बंदूक की नोक पर फिरौती मांगी जाती है। जिसके चलते व्यापारियों व आमजन में भय का माहौल व्याप्त है।

ऐसा ही मामला दो दिन पहले हिसार में हुआ, जहां महेंद्रा एजेंसी पर कुछ बदमाशों ने हवाई फायर किए तथा 5 करोड़ की फिरौती मांगी तथा चार दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस द्वारा अभी तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया। यह बात इंडियन नेशनल लोकदल के नेता हरीश वर्मा ने प्रदेश में बिगड़ी कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कही। इस दौरान उन्होंने हवाई फायर कर व्यापारियों से फिरौती मांगने वाले आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि इनेलो नेता नफे सिंह राठी की हत्या की गुत्थी अभी सुलझी भी नहीं कि एक और मामला सामने आया है, जिससे व्यापारियों व आमजन में भय का माहौल है।

उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ माना जाता है, जो कि आज भय के माहौल में अपना व्यापार करने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि यह सब सरकार की नाकामी के कारण हो रहा है इनेलो नेता व समाजसेवी हरीश वर्मा ने कहा कि भाजपा सरकार सत्ता पर काबिज होने के लायक ही नहीं है, जिसका प्रमाण मनोहर लाल ने मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा देकर भी प्रदेश की जनता को दिया था। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार आमजन को राहत देने की बजाए बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, अपराध सहित अन्य समस्याओं का तोहफा ही दिया है।

जिससे प्रदेश की जनता अब तंग आ चुकी है। इनेलो नेता हरीश वर्मा ने कहा कि यदि व्यापारी से फिरौती मांगने वाले आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो इसके खिलाफ इनेलो व्यापारियों को साथ लेकर हिसार में भी प्रदर्शन करने को मजबूर होंगी। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता को इनेलो का शासनकाल याद आने लगा है तथा वे अबकी बार प्रदेश में इनेलो की सरकार बनाने का मन बना चुके है। जिसके बाद प्रदेश की जनता को विभिन्न समस्याओं से छुटकारा दिलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back
error: Content is protected !!